फतेहपुर सीकरीः बरातियों पर अश्लील इशारा करने पर बसेरी काजी में जमकर मारपीट हुई। लोग दूल्हे के गले में लटकी नोटों की माला और सोने की चेन लूट ले गए। बीचबचाव पर दुल्हन के पिता और चाचा से मारपीट की गई। सात फेरों के लिए सजी दुल्हन रात भर बैठी रही। मंगलवार को सात फेरे लेने और मांगलिक रस्मों के बाद दोपहर तीन बजे बेटी की विदाई हो सकी। दुल्हन के पिता का कहना है कि मामले में सुलह हो गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया जाएगा।
बसेरी काजी गांव में सोमवार रात मथुरा से बरात आई थी। जलपान के बाद बरात की चढ़ाई हो रही थी। दूल्हा बग्घी पर सवार थे। बराती बैंड बाजे की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। आरोप है कि गांव के किसी व्यक्ति ने बरातियों पर अश्लील इशारा कर दिया। विरोध पर उसके साथ आए आधा दर्जन लोगों ने बरातियों से मारपीट की। इससे भगदड़ मच गई। दुल्हन के पिता समेत अन्य लोग बीच बचाव को पहुंचे तो दुल्हन के पिता और चाचा को लाठी डंडे से पीटा गया। आरोप है कि उक्त लोग बग्घी पर चढ़कर दूल्हे के गले में लटकी नोटों की माला और सोने की चेन लूट ले गए।
घटना के बाद दुल्हन के पिता ने थाने में तहरीर दी। इस बीच सजी-संवरी दुल्हन रात भर सात फेरों के इंतजार में बैठी रही। इधर, घटना के बाद ज्यादातर बराती मथुरा लौट गए। मंगलवार को सात फेरे व अन्य मांगलिक रस्म होने के बाद तीन बजे बेटी की विदाई हो सकी। दुल्हन के पिता ने बताया कि मामला में सुलह हो गई है। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र दहिया का कहना है कि वीआइपी ड्यूटी के कारण राजीनामा की जानकारी नहीं है। बुधवार को दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की जाएगी।