कानपुर देहात : बरौर के एक गांव में शुक्रवार को किसी बात पर किशोरी से कहासुनी के बाद किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। इससे आहत होकर किशोरी ने फंदा लगा खुदकुशी कर ली।
बरौर के एक गांव निवासी किसान के 17 वर्षीय पुत्र व गांव की ही 16 वर्षीय किशोरी में प्रेम संबंध थे। किशोर शुक्रवार को काम बताकर घर से निकला था। गांव के बाहर किशोरी आई और दोनों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। गुस्से में किशोर ने कुछ आगे जाकर दुपट्टे का फंदा बनाकर जामुन के पेड़ से लटक गया। किशोरी ने उसका शव फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। किशोरी ने किशोर के स्वजन को घटना बताई।
स्वजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। किशोरी अपने घर गई और पेड़ से दुपट्टे का फंदा लगाकर उसने भी जान दे दी। दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। किशोर के घर वालों ने बताया कि दोनों में प्रेम संबंध थे।
हालांकि किशोरी के घर वालों ने प्रेम संबंध होने से इन्कार किया है। बरौर कोतवाल हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है। पहले किशोर फिर किशोरी ने जान दी है।