बस्ती। जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के महुआपार कला गांव में संदिग्ध परिस्थियों में नवविवाहिता का फंदे से लटकता शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई।
स्वजन के अनुसार
स्वजन के मुताबिक जन्नतुननिशा का पति मोहम्मद असलम व सास से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। कुछ देर बाद सास शाहजहां गांव में किसी के घर चली गई। जन्नतुनिशा भी अपने कमरे में चली गई। देर शाम को पति असलम घर आया तो देखा कि दरवाजा खुला है। अंदर पहुंचा तो कमरे में रस्सी के फंदे से जन्नतुनिशा का शव लटक रहा था। पति ने उसे फंदे से नीचे उतारा। इसकी जानकारी उसके मायके वालों को दी।
छह माह पहले ही हुआ था निकाहः जन्नतुननिशा से असलम ने 24 नवंबर 2024 को रुधौली थाना क्षेत्र के धर्मपुरवा में निकाह किया था। असलम ने उससे दूसरा निकाह किया था।
निकाह के बाद से ही पति व ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करने लगे। इसकी जानकारी जन्नतुननिशा ने मायके वालों को दी थी। जानकारी मिली है कि असलम अपनी पहली बीबी को प्रताड़ित करता था। इसी से आजिज आकर उसने तलाक ले लिया था। पहली पत्नी अपनी डेढ़ वर्ष की बेटी को साथ लेकर चली गई।
एसएचओ कलवारी ने बताया
घटना पर एसएचओ कलवारी दिनेश चन्द्र चौधरी ने बताया कि मृतका की पिता रब्बुलहसन निवासी धर्मपुरवा थाना रुधौली की तहरीर पर उसके पति असलम, सास शाहजहां समेत अन्य के विरुद्ध दहेज के लिए उत्पीड़न व हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।