खेरागढ़ (आगरा): मजदूर की 12 वर्ष की बेटी के साथ जो हुआ, उसे सुनकर गांव वाले सन्न रह गए। आधी रात के बाद दबे पांव आया नशेबाज घर के बाहर चारपाई पर भाई के साथ सो रही बालिका को उता ले गया। पांच सौ मीटर दूर ले जाकर दुष्कर्म किया और फिर फरार हो गया। रात पौने दो बजे रोती हुई पहुंची बालिका की हालत देख घर वाले हैरान रह गए। सुबह पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी की रिकार्डिंग देखी तो आरोपित बालिका को गोद में उठाकर ले जाते हुए दिख रहा है।
खेरागढ़ क्षेत्र के एक गांव में घटना गुरुवार देर रात डेढ़ बजे की है। किसान रात में दावत खाने गया था। 12 वर्षीय बेटी छोटे भाई बहनों के साथ घर की बाहर सो रही थी। स्वजन के अनुसार, रात डेढ़ बजे गांव में रहने वाला ओमवीर लोधी उठाकर ले गया। घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर एक देवस्थान के पास ले जाकर आरोपित ने बालिका से दुष्कर्म किया। इसके बाद बालिका को वहीं छोड़कर आरोपित उसके घर की और वापस लौट गया। देर रात लौटा पिता बेटी का न देख परेशान हो गया। वह उसे खोजने जा रहा था, इसी बीच वह रोती हुई घर की तरफ आते दिखाई दी। शुक्रवार सुबह 10 बजे बालिका के पिता के जगनेर से लौटने के बाद स्वजन थाने पहुंचे और तहरीर दे दी डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वाड के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
चकमा देकर दो बार फरार हुआ आरोपित
देर रात दुष्कर्म के बाद फरार हुआ आरोपित शुक्रवार सुबह पुलिस के पहुंचने तक गांव में घूम रहा था। सीसीटीवी की रिकार्डिंग से उसकी पहचान होने की भनक लगते ही वह भाग गया। शुक्रवार रात आरोपित के बहन की ससुराल अछनेरा में शादी थी। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। गली तक पहुंचने के बाद उसे पुलिस की घेराबंदी की भनक लग गई और वहां से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घर से गांजा और नशे की सामग्री बरामद
आरोपित ओमवीर शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है। सीसीटीवी रिकार्डिंग से उसकी पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी। पत्ता चला कि पत्नी और बच्चे तीन दिन पहले आगरा मायके गए थे। घर में तलाशी के दौरान गांजा और नशे की अन्य सामग्री बरामद हुई।
डीसीपी ने बताया
डीसीपी ने बताया कि बालिका से दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। आरोपित ओमवीर फरार है। उसको गिरफ्तारी को पांच टीम लगाई गई हैं। जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।