मैनपुरी: चौकी क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की देर शाम बरात आई। धूमधाम से बरात चढ़ने के बाद जयमाला का भी हो गई लेकिन गुरुवार सुबह जब वधू पक्ष की महिलाओं ने चढ़ावे के जेवर देखे तो उन्होंने गहनों के नकली होने के आरोप लगाए। दुल्हन ने दूल्हे पर शराब पीने का भी आरोप लगाया और विदा होने से इन्कार कर दिया। मामला बढ़ने पर दिन भर थाने में बातचीत का दौर चलता रहा। देर शाम को दोनों पक्षों में समझौता हो गया। शादी का खर्च लौटाने के बाद वर पक्ष बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया।
चौकी क्षेत्र के एक गांव में इटावा के थाना जसवंत नगर के गांव शाहजहांपुर से बुधवार शाम को बरात आई थी। गांव पहुंचने पर बरात का स्वागत सत्कार किया गया। गांव में बैंड-बाजों के साथ धूमधाम से बरात चढ़ी। जयमाला कार्यक्रम में दूल्हा और दुल्हन ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। गुरुवार सुबह जब दुल्हन को विदा कराने समय आया, उससे पहले ही कन्या पक्ष ने चढ़ावे के जेवरात देखे तो उसमें कुछ गहनों के नकली होने की बात ने जोर पकड़ लिया। विवाद बढ़ा तो दुल्हन ने भी दूल्हा पर शराब पीए हुए होने का आरोप लगाया।