आगराः आवास विकास सेक्टर चार स्थित एक घर में रविवार रात एक महिला संदिग्ध परिस्थिति में जल गई। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आग को बुझाया। हालत गंभीर होने पर मायके वाले एसएन मेडिकल कालेज से महिला को दिल्ली ले गए। घटना के बाद से ससुरालीजन फरार हैं। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
जगदीशपुरा क्षेत्र आवास विकास सेक्टर चार के सतनाम नगर में आकाश कुमार की 25 वर्षीय पत्नी प्रियंका रविवार रात 12.40 बजे संदिग्ध परिस्थिति में घर के अंदर जल गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला कमरे में आग की लपटों से घिरी हुई थी। लोगों ने कपड़े आदि डालकर आग को बुझाया। जानकारी मिलने पर सदर क्षेत्र में रहने वाले मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। महिला की हालत गंभीर होने पर मायके वाले उसे एसएन मेडिकल कालेज से दिल्ली ले गए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी दो साल पहले हुई थी। आए दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। पति जूता फैक्ट्री में काम करता है। घटना के बाद ससुरालीजन मौके से फरार हो गए। इंस्पेक्टर आनंद वीर सिंह ने बताया, मायके वाले महिला को दिल्ली ले गए हैं।