बस्ती। शनिवार को जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बरहटा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान आंचल पुत्री किशुन प्रसाद के रूप में हुई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। कप्तानगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। जब आंचल का शव घर में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। उस समय घर पर कोई परिजन मौजूद नहीं था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि आंचल ने यह कदम क्यों उठाया। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आंचल के परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी, और वह एक शांत स्वभाव की किशोरी थी। परिजनों ने पुलिस को कोई ठोस कारण नहीं बताया, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच पड़ताल में जुटी गई। वहीं प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार गौड़ ने पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।