बस्ती। जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के सरवरपुर गांव के दक्षिण सरयू नदी में शुक्रवार की शाम स्नान के दौरान लापता हुए 17 वर्षीय किशोर का शव घटनास्थल के निकट शनिवार को दिन में करीब 11 बजे मिला।
सरवरपुर गांव निवासी राज सिंह पुत्र हरि सिंह साथियों के साथ शुक्रवार की शाम करीब छह बजे सरयू नदी में स्नान करने गए थे। वह पानी में डूब गए। काफी प्रयास के बाद भी पता नहीं चल सका। अगले दिन सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया। शव घटनास्थल के पास ही शव उतरता दिखा। गोताखोर जगराम चौहान ने बाहर निकाला। राज के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह अपने भाइयों के साथ रहते थे। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। कुछ ही दिन पहले गुजरात से गांव आए थे। चर्चा है कि बालू निकालने के लिए नदी में माफिया अस्थाई बांध बनाए हैं, इसी स्थान से मिट्टी निकालने की वजह से बने गड्ढे में राज फंस कर डूब गए।