बस्ती। जिले के कप्तानगंज-दुबौला मार्ग (Kaptanganj-Dubaula Road) पर मंगलवार रात छुट्टा पशु को बचाने के चक्कर में बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने से पूर्व बोलेरो की चपेट में एक राहगीर भी आ गया।
चार लोग घायल
इस दौरान राहगीर और बोलेरो में सवार महिला यात्री की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचाई। प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज सुनील गोंड ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना शाम 7:30 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक
पुलिस के अनुसार वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के गणेशपुर गांव के कुछ लोग अयोध्या गए थे। अयोध्या से वापस आते वक्त कप्तानगंज थानाक्षेत्र के कजरीकुंड रेशम फॉर्म के पास बोलेरो के सामने छुट्टा पशु आने से बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
जिसमें एक बुजुर्ग राहगीर भी चपेट में आ गया। बोलेरो में सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कnप्तानगंज लाया गया। चिकित्सकों ने बोलेरो सवार महिला और राहगीर को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
घटना में मृतकों की पहचान शिवपलट यादव (65 वर्ष) पुत्र रामदास निवासी कजरीकुंड मंझरिया थाना कप्तानगंज और बोलेरो सवार महिला यात्री माया उपाध्याय (50) पत्नी रमेशचंद्र उपाध्याय निवासी गणेशपुर के रूप में हुई।
घायलों की पहचान
जबकि घायलों की पहचान विकास उपाध्याय, श्रद्धा उपाध्याय, रमा उपाध्याय, विनय उपाध्याय सभी निवासी गणेशपुर थाना वाल्टरगंज के रूप में हुई है।