कानपुर देहात : सिकंदरा तहसील परिसर स्थित अपने आवास में शुक्रवार को किसान से चार हजार रुपये रिश्वत लेते महिला लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया है। टीम ने अकबरपुर कोतावाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
सिकंदरा के मुबारकपुर गांव के किसान जयप्रकाश को खेत की कुराबंदी करानी थी। कुराबंदी में खेत को अलग-अलग हिस्से में विभाजित कर दिया जाता है। इससे कई हिस्सेदार होते हैं तो उनमें विवाद नहीं होता है और उनकी निर्धारित जमीन पर कब्जा दिला दिया जाता है। इसके लिए किसान ने क्षेत्रीय लेखपाल विनीता यादव से संपर्क किया। उन्होंने पहले तो काम लटकाया, फिर काम के एवज में चार हजार रिश्वत मांगी। किसान ने एंटी करप्शन टीम कानपुर से शिकायत की। लेखपाल ने शुक्रवार को सिकंदरा तहसील परिसर में बने आवास पर किसान को बुलाया था। जिसकी जानकारी किसान ने टीम को दी थी। तय योजना के तहर जयप्रकाश चार हजार रुपये लेकर पहुंचे। उनके साथ एंटी करप्शन टीम कानपुर की निरीक्षक एकता त्यागी व अन्य कर्मी थे। लेखपाल ने जैसे ही चार हजार रुपये पकड़े वैसे ही टीम ने पकड़ लिया। लेखपाल को लेकर अकबरपुर कोतवाली पहुंची। लेखपाल इटावा के जसवंतनगर थाना के शाहजहांपुर गांव की रहने वाली हैं। कोतवाली में कई लेखपाल पहुंचकर गलत फंसाने का आरोप लगाने लगे।
तहसील अध्यक्ष लेखपाल संघ ने
तहसील अध्यक्ष लेखपाल संघ उदयभान ने कहा कि हाथ धुलाने पर पानी में रंग नहीं आया है। कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि आरोपित लेखपाल पर मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम देर शाम लेखपाल को लेकर लखनऊ चली गई। वहां उन्हें भ्रष्टाचार निवारण अदालत में पेश किया जाएगा।