बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इटहिया गांव में बुधवार को एक बड़ा विवाद हो गया। कंबाइन मशीन ले जाने को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं।
घायलों ने लगाए गंभीर आरोप
घायलों का आरोप है कि जब उन्होंने कंबाइन मशीन के लिए बनाए गए रास्ते का विरोध किया, तो विपक्षी पक्ष ने उनके घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
एसपी ऑफिस में मचा हड़कंप
घटना के बाद घायल लोग जिला मुख्यालय स्थित एसपी ऑफिस परिसर पहुंच गए और जमीन पर लेटकर विरोध जताया। एक साथ कई घायलों को देखकर पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मेडिकल टीम को बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस की कार्रवाई
सीओ कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।