यूपी, अलीगढ़। बेटी की शादी के कार्ड बंट गए। पीली चिट्ठी लड़के के घर पहुंच गई। तैयारियां लगभग पूरी हो गईं। बरात के इंतजार में स्वजन व रिश्तेदारों को बेटी की मां ने चौंका दिया। शादी के लिए निर्धारित तारीख से 10 दिन पहले ही वह होने वाले दामाद के साथ भाग गई। बेटी के दहेज के लिए खरीदे गए जेवर भी साथ ले गई। उसके पति ने गुमशुदगी दर्ज कराई है।
होने वाले दामाद संग
मामला जिले के मडराक क्षेत्र के एक गांव का है। यहां के एक व्यक्ति कपड़े का व्यापार करते हैं। उन्होंने बेटी का रिश्ता चार महीने पहले जिले के ही दादों क्षेत्र के युवक के साथ तय किया था। 16 अप्रैल को शादी तय थी। डेढ़ महीने से तैयारियां चल रही थीं। दो अप्रैल को वर पक्ष के यहां पीली चिट्ठी भेज दी गई। तीन अप्रैल को दंपती ने होने वाले दामाद को मोबाइल फोन उपहार में दिया। इसके बाद से ही बेटी की मां व युवक (होने वाला दामाद) की फोन पर बात होने लगी।
रविवार को युवक अपने स्वजन से शादी के लिए कपड़ों की खरीदारी की बात कहकर घर से निकला। कुछ देर बाद उसने अपने पिता को फोन किया और कहा कि मैं जा रहा हूं, तलाशने की कोशिश मत करना। इसके बाद फोन बंद कर लिया। देर शाम तक संपर्क न होने पर लड़के के पिता ने उसकी ससुराल में फोन किया और बेटे के संबंध में पूछा, तो पता चला कि शाम से बेटी की मां भी गायब है। महिला के पति ने अलमारी खोलकर देखी तो उसमें से सोने के जेवर और 2.5 लाख रुपये गायब थे।
मडराक थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। महिला की तलाश की जा रही है।