उन्नाव/पूर्वी दिल्ली: बहुत ही कम लोग होते हैं जो अपनी कमजोरी को ताकत बनाकर अपने सपनों को पूरा करते हैं। यमुना विहार के राजकीय प्रतिभा विद्यालय से पढ़ी सौम्या मिश्रा ने अपने जनून से आइएएस बनने के सपने को सच कर दिखाया है। तीन बार असफलता मिलने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और चौथी बारी में 18वीं रैंक हासिल की है। वह उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में एसडीएम हैं। उनकी छोटी
बहन सुमेघा मिश्रा की 253 रैंक आई है। वह नौकरी नहीं करती हैं। दोनों गांव अजयपुर, उन्नाव के असोहा ब्लाक में है। सौम्या मिश्रा व सुमेघा मिश्रा भजनपुरा में रहती हैं। इनके पिता राज्ञवेंद्र कुमार मिश्रा यमुना विहार बी ब्लाक स्थित राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय में पीजीटी हिंदी के शिक्षक हैं। वह उन्नाव के अजयपुर के रहने वाले हैं और पिछले 27 वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं। उनकी दोनों बेटियों के एक साथ यूपीएससी के परिणाम आए हैं। बेटियों की उपलब्धि से वह खुश हैं। सौम्या मिश्रा व सुमेघा मिश्रा दोनों ने अलग-अलग वर्ष में यमुना विहार के प्रतिभा विद्यालय से पढ़ाई पूरी की है। दोनों ने आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्विद्यालय के किरोड़ीमल कालेज से की है।