अलीगढ़ : ‘तुम्हारी शादी को 20 साल होने जा रहे हैं। इनको (होनेवाली सास) तुमने बहुत परेशान किया है, अब भूल जाओ। इनके बारे में कुछ मत सोचना’ यह धमकी भरे शब्द उस होनेवाले दामाद के हैं, जिसने शादी के नौ दिन पहले छह अप्रैल को अपनी होने वाली सास को भगा ले गया।
घर से गायब
महिला घर से गायब हुई तो उसके पति ने दामाद को फोन किया था। जवाब में दामाद ने ससुर को यह दो टूक जवाब दिया। सास-दामाद की प्रेम कहानी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है। भागने से पहले भी महिला दामाद के घर पांच दिन रही थी, लेकिन किसी को दोनों के प्यार की भनक तक नहीं लगी।
दुल्हन के जोड़े में सजने का सपना देख रही उसकी बेटी के आंसू नहीं थम रहे हैं। पूरा परिवार महिला को कोस रहा है। जितेंद्र छह अप्रैल को बेटी की शादी का कार्ड देने साली के यहां गए थे। रात को आठ बजे घर लौटे तो पता चला कि उनकी पत्नी सपना शाम साढ़े चार बजे से गायब है। उनका शक होने वाले दामाद राहुल पर गया। उन्होंने राहुल को फोन किया तो वह टालमटोल करता रहा। रात 10:30 बजे उसने होनेवाले ससुर को पूरी कहानी बता दी। कहा, अब तुम इनको भूल जाओ।
इसके बाद तो जितेंद्र के पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटी की 16 अप्रैल को राहुल से शादी होने वाली थी। चार महीने पहले ही रिश्ता तय हुआ था। डेढ़ महीने से शादी की तैयारियां चल रही थीं।