कानपुर : सचेंडी थाना क्षेत्र के गढ़ी सुजानपुर गांव में छत पर लगे छप्पर में आग लगने से उसके नीचे लेटी नौ माह की मासूम की जलकर मृत्यु हो गई। घटना के समय माता-पिता खाना खाकर काम पर जा रहे थे। आग लगते ही आसपास के लोगों ने आग बुझाई लेकिन तब तक मासूम गंभीर रूप से जल चुकी थी। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
मोहम्मद सद्दाम अपनी ससुराल में रहते हैं। साले मुस्तकीम ने बताया कि घर के ऊपरी तल पर लगे छप्पर के नीचे सद्दाम पत्नी करिश्मा तीन बच्चों जैनब जायरा, बेटे निजाम व नौ माह की बेटी सुहाना के साथ रहते हैं। सोमवार दोपहर बाद काम पर जाने के लिए सद्दाम और करिश्मा नीचे उतरे। नौ माह की बेटी सुहाना छत पर बिस्तर पर लेटी थी। अचानक छप्पर में आग लगने से लपटें उठने लगीं। करिश्मा ने बताया कि अचानक जलते छप्पर के टुकड़े नीचे गिरे तो बेटी का ध्यान आया। बेटी को उठाया तो वह गंभीर रूप से जल चुकी थी। उसे लेकर अस्पताल दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। लोगों ने पास में रखे चूल्हे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई है लेकिन दंपती ने बताया कि घटना के समय चूल्हा नहीं जल रहा था। थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को बेची थी भैंस, 85 हजार रुपये भी जले
मृत बच्ची के मामा मुस्तकीम ने बताया कि जीजा सद्दाम ने रविवार को भैंस बेची थी। जिसके 85 हजार रुपये भी पास में रखे बक्से में थे, जो जल गया।