एटाः जिस कोख ने जन्म दिया, उसी के हाथों ने अपनी तीन माह की बेटी को गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद कई घंटे तक बेटी के शव को लेकर कमरे का दरवाजा बंद कर बैठी रही। स्वजन को जब पता चला तो उन्होंने पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। बेटी को क्यों मारा, कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आरोपित मां को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
20 वर्षीय विनीता यादव की शादी गांव रतरोई थाना गंघीरी जनपद अलीगढ़ के रहने वाले अमित यादव के साथ 10 मई 2024 को हुई थी। इसके बाद वह होली पर मायके गांव ईशेपुर थाना बागवाला चली आई। तब से मायके में ही रह रही थी। 18 फरवरी को उसने बच्ची को जन्म दिया था।
आरोप है कि
आरोप है कि 28 अप्रैल की शाम उसने अपनी तीन माह की बेटी तान्या का गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। उस समय घर वाले खेत पर काम करने गए थे। वे लौटकर आए तो विनीता के कमरे का दरवाजा बंद था। उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। मृत अवस्था में बच्ची पलंग पर पड़ी थी। स्वजन ने पूछा कि बच्ची पूरी तरह ठीक थी तो अचानक मौत कैसे हो गई। इस पर विनीता ने साफ कह दिया कि उसने बच्ची का गला दबाया है। इसके बाद घर में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। गांव के लोगों ने विनीता की ससुराल में सूचना दी तो वहां से लोग भी गांव पहुंच गए।
मामले की जानकारी
मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने विनीता को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। इस पर उसने अपना अपराध कबूल लिया। उसने बच्ची को क्यों मारा, इस बारे में पुलिस भी कुछ नहीं बता पा रही। विनीता आठवीं कक्षा तक पढ़ी है। थाना प्रभारी बागवाला अखिलेश दीक्षित ने बताया कि डायल 112 पर घटना की सूचना मिली थी। कई पहलुओं को लेकर जांच हो रही है।