यूपी, अलीगढ : दोपहर 1:40 बजे का समय। सफेद कार से एक महिला के साथ उतरा युवक सीधे दादों थाने में पहुंचा। इंस्पेक्टर से बोला, ‘यह सपना हैं और मैं राहुल’। हम दोनों साथ रहेंगे। इंस्पेक्टर को समझने में देर नहीं लगी। होने वाले सास और दामाद की यह वही चर्चित जोड़ी थी, जो 10 दिन पहले गायब हो गई थी। महिला ने राहुल का हाथ पकड़कर कहा, मैं तो इनके ही साथ रहूंगी। राहुल ने भी कहा, यह मेरी पत्नी हैं।
महिला ने पति पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। बोली, होने वाले दामाद पर शक किया गया। तब आत्महत्या करने वाली थी। राहुल ने रोका और नई जिंदगी की राह दिखाई। पति ने सपना के आरोपों को निराधार बताते हुए बच्चों के साथ मडराक थाने पर धरना शुरू कर दिया। हालांकि समझाने पर कुछ देर बाद धरना खत्म कर दिया। अलीगढ़ की सपना और उसका होने वाला दामाद राहुल छह अप्रैल को गायब हो गए थे। दोनों के स्वजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई। सपना की बेटी का रिश्ता राहुल से तय हो गया था। बुधवार को बरात आनी थी। दोनों के भाग जाने से शादी की तैयारियां धरी रह गईं।