आगराः लड़का पक्ष ने दहेज की पूरी रकम सगाई (Engagement) के समय मांग ली। लड़की वालों ने देने में असमर्थता जताई तो लड़का व उसके स्वजन सगाई के लिए नहीं पहुंचे। काफी इंतजार के बाद युवती के पिता ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है।
फतेहपुर सीकरी के एक गांव में रहने वाली युवती की शादी कालिंदी विहारी टेड़ी बगिया में रहने वाले युवक के साथ मैरिज ब्यूरो की वेबसाइट के माध्यम से तय हुई थी। पीड़ित ने ट्रांस यमुना थाने में दी तहरीर में कहा है कि पहले 12 लाख रुपये दहेज मांगा गया। शनिवार शाम को नुनिहाई स्थित एक होटल में सगाई होनी थी। वह स्वजन व रिश्तेदारों के साथ होटल पहुंची। इस बीच दहेज में बीस लाख रुपये मांगे गए।
दहेज की राशि सगाई से पहले मांगी गई। पिता ने असमर्थता जताई तो लड़का व उसके स्वजन सगाई के लिए होटल में नहीं पहुंचे। पीड़िता ने बताया कि युवक मध्य प्रदेश में निजी बैंक में क्लर्क है। ट्रांस यमुना थाने के इंस्पेक्टर अपराध निरंजन सिंह सिरोही ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते के लिए वार्ता चली। समाधान न निकलने पर मामले को परिवार परामर्श केंद्र में भेज दिया है।