संतकबीर नगर। दुधारा थाना के मेलानखुर्द में रविवार की सुबह युवक का शव गांव के बाहर एक पेड़ की डाल पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुधारा थाना के मेलानखुर्द गांव निवासी 22 वर्षीय विनोद पुत्र त्रिभुवन मुंबई में नौकरी कर जीविकोपार्जन करते थे। कुछ दिन पहले वह गांव आए थे। वह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। अभी उनका विवाह नहीं हुआ था। कुछ दिन पूर्व परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इससे वह नाराज था। वह शनिवार की रात को परिवार के सदस्यों के भोजन करके सोया था। रविवार को सुबह घर से गायब मिलने पर स्वजन उसे खोजने लगे। एक पेड़ की डाली पर फंदे से उसके शव को लटकते देखकर कुछ लोगों ने शोर मचाया।
इस पर परिवार के सदस्य व गांव के कई लोग पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने स्वजन व ग्रामणों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष इंद्रभूषण सिंह ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।